हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां कस्बे में 27 दिसंबर को हुई ज्वेलर्स की दुकान में करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने बीती रात गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुरुग्राम के भोंड़सी क्षेत्र में छिपा हुआ था। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। जिसका इलाज गुरुग्राम के अस्पताल में चल रहा है। आरोपी की पहचान जयपुर के यादराम के रूप में हुई है। आरोपी ने की पुलिस पार्टी पर फायरिंग पुलिस सूत्रों के अनुसार सीआईए पुन्हाना टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लूट की वारदात में शामिल आरोपी यादराम गुरुग्राम के भोंड़सी क्षेत्र में एक ठिकाने पर छिपा हुआ है। सूचना पर पुन्हाना सीआईए और गुरुग्राम सेक्टर-40 सीआईए की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। ठिकाने पर पहुंचते ही आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से यादराम के दोनों पैरों में चोट लगी और वह घायल हो गया, उसे तुरंत गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। संयुक्त पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट नूंह पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह संयुक्त ऑपरेशन पुन्हाना और गुरुग्राम पुलिस की टीमों का था। आरोपी यादराम लूट की वारदात में सीधे तौर पर शामिल था। उससे पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। बता दे कि करीब बदमाशों ने कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित नत्थीलाल हरिओम सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर करोड़ों रुपए का सोने-चांदी का सामान चोरी कर लिया था। यह पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। आरोपी आभूषणों को पोटलियों में भरकर लेकर गए थे। लूट की वारदात के बाद 8 टीमों का गठन किया गया था। उसी दिन से पुलिस को आरोपियों की तलाश थी।
नूंह में जेवर लूट केस में खुलासा:गुरुग्राम से एक आरोपी मुठभेड़ में अरेस्ट, 8 दिन पहले चुराए थे करोड़ों के आभूषण
