हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। रात और दिन दोनों ही वक्त का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, सोमवार को भी कड़ाके की ठंड के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ इलाकों में गहरा कोहरा छाने का अनुमान जताया गया है, जिससे कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है। रात के समय महेंद्रगढ़ जिला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन के समय करनाल और कैथल जिले प्रदेश में सबसे ठंडे रहे, जहां अधिकतम तापमान केवल 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही खेतों में पाला जमने लगा है। कैथल में दिन का तापमान रात से मात्र 1.8 डिग्री ज्यादा रहा है। प्रदेश का अधिकतम तापमान संडे को सामान्य से 4.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। कई जिलों में घना कोहरा छाएगा हरियाणा के उत्तरी जिलों में गहरा कोहरा पड़ने का अनुमान है। इन जिलों में अंबाला, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र शामिल हैं। वहीं हिसार व सिरसा में भी गहरा कोहरा पड़ सकता है। इनके अलावा अन्य स्थानों पर कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि महेंद्रगढ़ जिला व अन्य कई स्थानों पर तापमान नीचे जाने की वजह से खेतों में पाला भी जम सकता है। इससे किसानों की फसलों में नुकसान होने की भी संभावना बन जाती है। रविवार को रहा कोल्ड-डे हरियाणा में कड़ाके की ठंड (Severe Cold) ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां प्रदेश के 9 जिलों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रही। कई इलाकों में रात का पारा इतना गिर गया कि खेतों में फसलों पर पाला (Frost) जमा हुआ दिखाई दिया।
हरियाणा में कड़ाके की ठंड, आज भी शीतलहर का अलर्ट:खेतों में जमने लगा पाला; महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंचा
