फरीदाबाद में दिल्ली–मथुरा नेशनल हाईवे पर अजरोंदा चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बोनट से उठा धुआं कार चला रहे तरुण ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं और अपने दो साथियों के साथ गांव अनंगपुर स्थित घर लौट रहे थे। रास्ते में खाने का सामान लेने के लिए उन्होंने कार रोकी। इसी दौरान अचानक कार के बोनट से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए तीनों बिना देरी किए वाहन से बाहर निकल आए। देखते ही देखते कार बनी आग का गोला कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। तरुण ने कार में रखे सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीटिंग बताया जा रहा है। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फरीदाबाद में चौक के पास चलती कार में आग:चालक की सूझबूझ से सवार तीन लोगों ने बाहर निकल बचाई जान
