फरीदाबाद में दूसरे राज्यों से आने वाले कॉमर्शियल वाहन चालक हरियाणा ट्रांसपोर्ट विभाग को राजस्व का नुकसान पहुंचाने में जुटे हुए हैं। विभाग की नियमित जांच में कई वाहनों के टैक्स से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। जांच के दौरान कई वाहन मालिक टैक्स जमा करने के बजाय फर्जी रसीदें दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला फरीदाबाद से सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश नंबर की एक कॉमर्शियल गाड़ी हरियाणा रोड टैक्स जमा न करने पर आरटीए विभाग द्वारा मौके पर ही बंद कर दी गई। जब वाहन चालक से टैक्स जमा करने की वैध रसीद मांगी गई तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी छुड़वाने के लिए आरटीए कार्यालय में फर्जी दस्तावेज दिखाने का प्रयास किया। दबाव बनाने की कोशिश में खुला फर्जीवाड़ा आरटीए विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग कार्रवाई से बचने के लिए विभागीय कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। इस मामले में भी ऐसा ही प्रयास किया गया, लेकिन जांच के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया। विभाग ने तुरंत गाड़ी को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। लगातार बढ़ रहे हैं टैक्स चोरी के मामले आरटीए विभाग के इंस्पेक्टर गजेंद्र गौतम ने बताया कि लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें बाहरी राज्यों के कॉमर्शियल वाहन हरियाणा का टैक्स जमा किए बिना सड़कों पर दौड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम ई-चालान पोर्टल के माध्यम से नियमित जांच कर रही है और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उच्च अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट इंस्पेक्टर गौतम ने बताया कि फरीदाबाद में पकड़े गए इस मामले की पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। वाहन मालिक के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी वाहन चालक टैक्स चोरी या फर्जी दस्तावेजों के सहारे विभाग को गुमराह न कर सके।
फरीदाबाद में कॉमर्शियल वाहनों में टैक्स का फर्जीवाड़ा:RTA स्टाफ ने पकड़ी UP नंबर की गाड़ी; बिना रोड टैक्स चल रही थी
