बरेली में भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की शुक्रवार को अचानक मौत हो गई। विधायक श्याम बिहारी सर्किट हाउस में थे। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह मीटिंग ले रहे थे। दोपहर करीब सवा 2 बजे अचानक विधायक की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द उठा। वे सीना पकड़कर बैठ गए। पसीना छूटने लगा। यह देख मीटिंग में अफरा-तफरी मच गई। विधायक को उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। यह हॉस्पिटल सर्किट हाउस से करीब 7 किमी और विधायक के घर शक्तिनगर से महज 100 मीटर की दूरी पर है। डॉक्टरों ने विधायक को CPR दिया। वेंटिलेटर पर रखा। लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब 3 बजे मौत हो गई। विधायक ने एक जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। विधायक का पार्थिव शरीर उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। क्षेत्र व प्रदेश के कई नेता पहुंचे। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ आज 3 जनवरी, शनिवार को दोपहर 12 बजे बरेली में किया जाएगा। सीएम योगी विधायक के निधन पर शोक प्रकट करने आएंगे। डॉ. श्याम बिहारी लाल से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए
बरेली में BJP विधायक की हार्ट अटैक से मौत:आज होगा अंतिम संस्कार, सीएम योगी भी होंगे शामिल
