बजट सत्र : खुदा की नियामत बंद कीजिए : ब्रजेश पाठक

Spread the love

बजट सत्र : खुदा की नियामत बंद कीजिए : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा में बजट सत्र के चौथे दिन शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनसंख्या पर रोक लगाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही जनसंख्या बढ़ाते रहोगे तो समस्या आती रहेगी।

हुआ यूं कि विधान सभा में शून्य प्रहर के दौरान समाज वादी पार्टी के सदस्य कमाल अख्तर के प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने उप्र की स्वास्थ्य सेवाओं को कमतर बताया। इस पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सिलसिलेवार तरीके से सरकार का पक्ष रखा। इसके साथ ही उन्होंने सपा के सदस्य कमाल अख्तर की ओर मुखातिब होकर यह भी कहा कि खुदा की नियामत बंद कीजिए। इसके आगे पाठक ने कहा कि जनसंख्या बढ़ाते रहोगे तो समस्याएं ऐसे ही बढ़ती रहेंगी। दरअसल सपा की तरफ से कार्य स्थगन का प्रस्ताव लाकर स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा कराए जाने की मांग की गयी थी जिसे पीठ की तरफ से स्वीकार नहीं किया गया।

अध्यक्ष पीठ की अवमानना पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को पीठ से कहा कि यदि उनकी ओर से कोई निर्देश दिया गया है, समय से उसे पूरा नहीं किया गया तो उसे पीठ की अवमानना माना जाएगा। यदि अवमानना होगा तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने करने के लिए पीठ स्वतंत्र होगी। विधान सभा अध्यक्ष की इस बात को सुनकर सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों में संतुष्टि का भाव दिखा।