सांप से बातचीत, साथ में बैठकर अलाव तापा:मातम के बीच मंत्री विजयवर्गीय ने खाई मटर; दिग्विजय के बेटे का मैसेज- करारा जवाब मिलेगा

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का सच से सामना
इंदौर में पत्रकार को गाली देकर बैकफुट पर आए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खेद जताया और फिर जनता के बीच जाकर फिर से फ्रंटफुट पर आने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान कई जगहों पर उनका सच से सामना हो गया। दूषित पानी से मौतें होने के बाद मंत्री विजयवर्गीय स्कूटर से इलाके में घूमे। वे पीड़ित परिवारों से मिले। इस दौरान कई बार ऐसी स्थिति बनी कि लोगों ने उनके सामने समस्याएं रखी। लोगों का आक्रोश ऐसा था कि विजयवर्गीय उनकी सुनते और आगे बढ़ जाते। एक वीडियो में महिलाएं उनसे कह रही हैं कि पिछले दो साल से गंदा पानी आ रहा है। भाजपा पार्षद को बार-बार बताया गया, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। एक पीड़ित परिवार ने तो सहायता राशि का चेक लेने से ही इनकार कर दिया। हालांकि बाद में विजयवर्गीय ने उन्हें समझाया। लोगों की मौतों से पसरे मातम के बीच मंत्री विजयवर्गीय एक जगह एक ठेलागाड़ी से मटर उठाकर खाते नजर आए। बाद में मीडिया के सामने आकर उन्होंने हालात को काबू में होने का दावा किया। कहा कि छोटी-छोटी प्रॉब्लम थी वो सॉल्व हो गई है। नाग और युवक ने साथ मिलकर अलाव तापा
​​​​काला ना​​​ग.. सामने आ जाए तो अच्छे-अच्छों की सिट्‌टी-पिट्‌टी गुम हो जाती है। लेकिन भिंड के लहार क्षेत्र में एक युवक काले नाग के साथ बैठा। दोनों ने मिलकर अलाव तापा। साथ ही आपस में बातें भी की। आपको सुनकर हैरानी हो रही होगी। लेकिन ऐसा एक वीडियो सामने आया है। हुआ यूं कि अरूसी गांव का युवक अपने खेत पर गया था, जहां उसने सड़क किनारे पड़े एक सांप को देखा। वह बेहोशी की हालत में था। युवक को लगा कि ठंड के चलते उसकी ये हालत हुई है। जिसके बाद वह सांप को अपने साथ लाया और अलाव जलाकर उसे तपाया। थोड़ी देर में नाग वहीं युवक के पास बैठ गया और अलाव तापने लगा। इस दौरान युवक उससे बातें करने लगा। नाग भी फन हिलाता नजर आया। इससे ऐसा लगा मानो वह युवक की बातों का जवाब दे रहा हो। युवक ने उससे कहा- फिर रहे थे रोड किनारे, मर-वर जाते.. बचा लाए.. तापो बढ़िया आराम से..। किसी को काटना मत.. आराम से रहना.. बहुत बड़ी जिंदगी है तुम्हारी। लोग इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर भी कर रहे हैं। फिल्मी डॉयलाग के जरिए विरोधियों को जवाब
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह पिता दिग्विजय सिंह के लिए खुलकर मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दिग्विजय सिंह का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वाइस ओवर में फिल्मी डॉयलाग है। इसके जरिए विरोधियों को जवाब दिया गया है। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने हाल ही में मोदी और आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर संघ और भाजपा संगठन की तारीफ की थी। इसे लेकर वे अपनों के निशाने पर भी आ गए थे। कई लोगों ने दिग्विजय सिंह की निष्ठा पर ही सवाल खड़े कर दिए। भाजपा ने तो उन्हें खुला ऑफर दे दिया। ऐसे में दिग्विजय के बेटे जयवर्धन ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। साथ ही मैसेज दिया- करारा जवाब मिलेगा। उनके शेयर किए वीडियो में ये डॉयलाग कहे गए हैं। – ‘बौखला गए हैं। खलबली मच गई है। बदहवासी छाई है। सिंगल पॉइंट एजेंडा है कि कैसे हमारी एकता तोड़े। बेबुनियाद आरोप, मनगढंत स्कैंडल और खोद-खोदकर कीचड़ उछाल रहे हैं हम पर। मगर आसमान में थूकने वालों को ये पता नहीं है कि पलटकर थूक उन्हीं के चेहरे पर गिरेगा। करारा जवाब मिलेगा।’ भाजपा सांसद ने ली माला नहीं पहनने की कसम
सीधी से भाजपा सांसद राजेश मिश्रा ने कसम ली है कि जब तक सीधी में रेल नहीं आ जाती, वे किसी भी कार्यक्रम में माला नहीं पहनेंगे। चाहे वह पार्टी का कार्यक्रम हो या कोई अन्य सार्वजनिक आयोजन। एक कार्यक्रम के मंच से सीधी जिले की सालों पुरानी रेल मांग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक वादा नहीं, बल्कि जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने अपने पिछले संकल्प का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी शपथ के बाद सीधी में ट्रेन का ट्रायल संभव हुआ। अब ये एक तीर से दो निशाने लगाने जैसा है। रेल आ गई तो लोग कहेंगे सांसद जी ने इसके लिए भरपूर कोशिश की थी। नहीं आई तो कहेंगे, सांसद जी ने प्रयास तो किए। ये भी पढ़ें –
सवाल पूछा तो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गाली दी: झूले की तरह हिल रहा पुल, सुध लो सरकार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने एक पत्रकार को गाली दे डाली। हुआ यूं कि पत्रकार ने उनसे इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री ने कहा- तुम फोकट सवाल मत पूछो। रिपोर्टर ने आपत्ति ली तो मंत्री ने उसे अपशब्द कहा। पूरी खबर पढ़ें