जींद में युवकों पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे:गाड़ी मोड़ने को लेकर हुई कहासुनी; पुलिस ने एजेंसी मालिक पर किया केस दर्ज

Spread the love

जींद में सफीदों रोड स्थित बुलेट एजेंसी के बाहर रात को हुई हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गाड़ी मोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यहां से शुरू हुआ विवाद
पेटवाड़ निवासी मंजीत, जो वर्तमान में राम कॉलोनी जींद में रहते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात वह अपने दोस्तों रविंद्र (निवासी खोखरी) और अनिल (निवासी रधाना) के साथ बुलेट एजेंसी के सामने गाड़ी मोड़ रहे थे। गाड़ी मोड़ने में दिक्कत आने पर रिया सेल्फ ड्राइव के मालिक मोहित अपने ऑफिस से बाहर आए और पिस्तौल से हवाई फायर कर दिया। मंजीत और उनके साथी इस घटना से भयभीत हो गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एसआई सचिन ने बताया कि वह टीम के साथ एकलव्य स्टेडियम के पास गश्त पर थे, तभी SHO को सूचना मिली कि बुलेट एजेंसी के पास गोली चली है। सूचना पर पुलिस टीम सरकारी वाहन HR31GV3600 से घटनास्थल पर पहुंची, जहां मंजीत और अन्य लोग मौजूद थे। मामला दर्ज, जांच जारी
मंजीत की शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसे सुरक्षित कर लिया। सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरोपी मोहित के खिलाफ धारा 110 बीएनएस और 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और मामले की विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।