हरियाणा के नए DGP अजय सिंघल ने चार्ज संभाला:बोले- बेटी की शादी के लिए ₹5 लाख में बैंक्वेट हॉल बुक कराया, हर पुलिस लाइन में ऐसे हॉल बनाएंगे

Spread the love

हरियाणा के नए DGP अजय सिंघल पंचकूला में पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। वहीं जवानों ने उन्हें सलामी भी दी। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश के लिए अपने विजन की बातें शेयर की। इसी बीच उन्होंने कहा कि पब्लिक के साथ-साथ पुलिस वेलफेयर के लिए भी काम होगा। उन्होंने एक उदाहरण के साथ कहा कि मेरी बेटी की शादी के लिए ₹5 लाख में बैंक्वेट हॉल बुक कराया था। लेकिन, हर पुलिस मुलाजिम इतने रुपए कहां से लाएगा। इसलिए हर पुलिस लाइन में ऐसे बैंक्वेट हॉल बनाएंगे। बता दें कि नए साल की पूर्व संध्या यानी 31 दिसंबर 2025 को उन्हें DGP बनाया गया था। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की पैनल कमेटी ने DGP पद के दावेदार 3 अधिकारियों के पैनल को अंतिम रूप दिया था, जिनमें से 1992 बैच के IPS अजय का नाम फाइनल किया गया। यहां पढ़िए, DGP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या-क्या कहा… नए साल की पूर्व संध्या पर बनाया था DGP पैनल में सीनियॉरिटी के हिसाब से पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर सबसे आगे थे, लेकिन उन्हें वरिष्ठ होने का फायदा नहीं मिला। दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार के सुसाइड केस में नाम आने के बाद उन्हें छुट्‌टी भेज दिया गया था। इसके बाद उन्हें DGP पद से हटा दिया गया। कपूर के हटने पर ओपी सिंह को कार्यवाहक DGP की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह सेवा की उम्र पूरी होने के चलते कल (31 दिसंबर) रिटायर हो गए थे। पैनल में तीसरा नाम आलोक मित्तल का रहा। जिनकी रिटायरमेंट 30 जून 2029 को है। वह 1993 बैच के IPS हैं, जबकि सिंघल उनसे एक साल सीनियर हैं। यहां पढ़िए, सूबे के नए पुलिस मुखिया के बारे में… नए DGP रेवाड़ी के, दिल्ली IIT से पास आउट
हरियाणा के DGP बने अजय सिंघल का रेवाड़ी जिले से नाता है। उनके पूर्वज राजस्थान से हैं। करीब 300 साल पहले पूर्वज रेवाड़ी आकर बस गए थे। उनका गुजरात से भी नाता है। जहां उनके चाचा की फैक्ट्री है। सिंघल के पिता ओपी सिंघल मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में ऑफिसर रहे। सिंघल खुद दिल्ली IIT से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं। रेवाड़ी में अब परिवार से कोई नहीं रहता
अजय सिंघल के एक चाचा 1980 में गुजरात शिफ्ट हो गए थे, जबकि दूसरे गुरुग्राम में रहते हैं। वर्तमान में परिवार का कोई सदस्य रेवाड़ी नहीं रहता। हालांकि, रेवाड़ी में लोग इनको हरसोरिया फैमिली के नाम से जानते हैं। डीजीपी बनने की घोषणा के बाद सिंघल ने कहा- हां मैं रेवाड़ी से हूं। अपने प्रदेश में डीजीपी बनने की कोशिश तो होती ही है। सुर्खियों से दूर रहे, पत्नी होम मेकर
अजय सिंघल सुर्खियों से दूर ही रहे हैं। उनकी पत्नी शीना होम मेकर हैं। उनके दो बेटियां व एक बेटा है। सिंघल ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विजिलेंस, रेलवे पुलिस, सीआईडी, स्पेशल ब्रांच, साइबर अपराध और आंतरिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में योगदान दिया है। सिंघल को वर्ष 2008 में पुलिस पदक और वर्ष 2017 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। केंद्र में वित्त मंत्रालय के अधीन डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) में रह चुके हैं।