रोहतक के ASI लाठर की विधवा पत्नी बनेंगी टीचर:MDU कैंपस स्कूल से ऑफर; सरकार डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई कर रही, जनवरी में जॉइनिंग संभव

Spread the love

हरियाणा के रोहतक में साइबर सेल के प्रभारी ASI संदीप लाठर की विधवा पत्नी संतोष देवी को पक्की नौकरी मिलेगी। हरियाणा सरकार उन्हें महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के अंतर्गत संचालित कैंपस स्कूल में टीचर की नौकरी देने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, MDU की ओर से ASI की पत्नी की शैक्षणिक योग्यताओं के प्रमाणपत्र अनुमोदन के लिए सरकार को भेज दिए हैं, जिनका वेरिफिकेशन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि MDU के इस स्कूल में कई पद खाली हैं। ऐसे में संतोष देवी की जनवरी में ही जॉइनिंग हो सकती है। नौकरी को लेकर कब-क्या हुआ… खाप की मीटिंग के बाद एक्टिव हुई सरकार
खाप की मीटिंग के बाद सरकार अलर्ट हुई। इसके बाद MDU से संदीप की पत्नी की शिक्षक पद का ऑफर भेजा गया। परिवार ने सरकार के इस ऑफर को स्वीकार कर लिया है। MDU एक अधिकारी ने बताया कि संतोष देवी के टीचर के पद के लिए एकेडमिक डॉक्यूमेंट आ गए हैं, जिन्हें सरकार के पास भेजा है। संभावना है कि जनवरी के पहले हफ्ते में संतोष को नौकरी जॉइन करा दी जाए। ASI ने खुद को गोली मारी थी
हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार के स्टाफ के खिलाफ वसूली मामले की जांच करने वाले इन्वेस्टिगेशन अफसर रहे ASI संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को अपने सर्विस रिवाल्वर से सुसाइड कर लिया था। पुलिस अधिकारी ने खेत में बने कमरे में खुद को गोली मारी। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसमें दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और जातिवाद के आरोप लगाए गए थे। संदीप लाठर ने IPS वाई पूरन के साथ तैनात सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था और आगे की जांच कर रहे थे।