गुरुग्राम में नशे में धुत एक टैक्सी ड्राइवर ने सेक्टर-4 इलाके में एक के बाद एक कई वाहनों में टैक्सी से टक्कर मार दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पांच लोग जख्मी हो गए हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर है। घायलों को निजी अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। जानकारी अनुसार, घटना रविवार को देर शाम को उस समय हुई, जब सेक्टर 4 की प्रमुख सड़क पर वाहनों और राहगीरों की अच्छी-खासी भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे की हालत में बेसुध टैक्सी ड्राइवर ने अपनी गाड़ी को तेज रफ्तार से दौड़ाते हुए सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। उसने 6-7 बाइक और स्कूटियों को निशाना बनाया, जिससे ये वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टकराते चले गए वाहन टक्कर की चपेट में आए कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। शाम का समय होने के कारण सड़क पर ट्रैफिक ज्यादा था, जिससे हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए टैक्सी को घेर लिया और ड्राइवर को बाहर निकालकर पकड़ लिया। ड्राइवर की पिटाई की गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई भी की, क्योंकि वह नशे में इतना बेसुध था कि ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने ड्राइवर को सबक सिखाने की कोशिश की। हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस को सूचना दी गई और आनन-फानन में पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया घटना का वीडियो सामने आया घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोग हादसे की जानकारी देते दिख रहे हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपी से रात को पूछताछ नहीं की जा सकी। पुलिस ने उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि हुई है। आज पुलिस द्वारा ड्राइवर से पूछताछ की जाएगी।
गुरुग्राम में टैक्सी ने कई वाहनों को मारी टक्कर:व्यस्त रोड पर नशे में दौड़ा रहा था ड्राइवर; महिला समेत 5 राहगीर घायल
