करनाल में घरौंडा क्षेत्र के गांव डिंगर माजरा में तेज रफ्तार बाइक ने किरयाना की दुकान से सामान लेने जा रहे 6 वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर गिर गया और मोटरसाइकिल उसे कुचलते हुए करीब 15 से 20 फुट तक घसीटती ले गई। घटना के बाद बच्चे को गंभीर चोटें आईं। परिजन पहले बच्चे को सरकारी अस्पताल घरौंडा ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर करनाल रेफर किया गया। फिलहाल बच्चे का इलाज करनाल के बालाजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शनिवार देर रात परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। देर शाम हुआ हादसा, चार युवक मोटरसाइकिल पर सवार गांव डिंगर माजरा के निवासी कर्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 21 दिसंबर देर शाम की है। उसका 6 साल का बेटा नक्ष किरयाना की दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान तेज गति और गलत तरीके से मोटरसाइकिल चलाते हुए चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा मोटरसाइकिल के आगे गिर गया, लेकिन आरोपी रुके नहीं और बच्चे को कुचलते हुए आगे ले गए। पहले घरौंडा, फिर करनाल रेफर, निजी अस्पताल में इलाज हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को सरकारी अस्पताल घरौंडा लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने ज्यादा चोटें होने के कारण उसे करनाल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने बच्चे को बालाजी अस्पताल करनाल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, बच्चे की हालत अब भी गंभीर है और लगातार डॉक्टरों की निगरानी में है। इलाज में व्यस्त रहने से नहीं दे पाए तुरंत शिकायत कर्ण ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर आरोपियों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। बेटे की गंभीर हालत और इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत थाना में शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए। बाद में उन्होंने थाना घरौंडा पहुंचकर पूरी घटना की लिखित दरखास्त दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना घरौंडा में केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस थाना घरौंडा में पीएसआई विपिन ने बताया कि शिकायत के आधार पर शनिवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
करनाल में बाइक ने 6 साल के बच्चे को कुचला:20 फुट तक घसीटा, किरयाना की दुकान से सामान लेने जा रहा, हालत गंभीर
