हरियाणा के यमुनानगर में फ्लॉवर वैली सिटी के सिक्योरिटी गार्ड के मर्डर में पुलिस ने दूसरे सिक्योरिटी गार्ड और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि सुपरवाइजर से शिकायत करने पर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या की गई। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को बताया कि मृतक अक्सर सुपरवाइजर से उसके देर से आने और जल्दी जाने की शिकायत करता था। इसी रंजिश के चलते 23 दिसंबर को उसने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। लाश को उसकी ही बाइक पर लादकर सुढैल गांव के पास राक्षी नदी के पुल के नीचे फेंककर फरार हो गए। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. मृतक-आरोपी दोनों सिक्योरिटी गार्ड
ASP अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। मृतक अनिल कुमार महमूदपुर गांव का रहने वाला था। अनिल और आरोपी रवि कुमार दोनों सिक्योरिटी गार्ड थे और दोनों की ड्यूटी फ्लॉवर सिटी में थी। अनिल अक्सर कंपनी में रवि की शिकायतें करता रहता था, जिससे रवि उससे नाराज था। 23 दिसंबर को गार्ड रूम में चाकू मारे
ASP ने आगे बताया कि 23 दिसंबर की रात को रवि ने अपने दो साथियों वंश और सनी उर्फ चन्नी को बुलाया। तीनों ने योजना बनाई और कंपनी के खेड़ी रांगडान गांव में स्थित सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में अनिल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए उन्होंने अनिल की ही बाइक पर लादकर राक्षी नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। यह इलाका पुलिस नाके से 100 मीटर की दूरी पर है। 25 दिसंबर को मिला शव, आईकार्ड से पहचान
ASP के मुताबिक, 25 दिसंबर की सुबह किसी ने शव को पुल के नीचे पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो उसके गले में एमएस ग्रुप नाम की कंपनी का आईकार्ड था। कंपनी में संपर्क करके मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई। चाकू और बाइक बरामद करेगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक मृतक अनिल के भाई सुनील कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने रवि, वंश और सनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में एक और व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि हत्या में इस्तेमाल चाकू, बाइक और अन्य सबूत बरामद किए जा सकें। दो बच्चों का पिता था अनिल
सुनील कुमार ने बताया कि भाई अनिल कुमार फ्लॉवर वैली सिटी में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी करता था। वह 23 दिसंबर को बाइक पर ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा, जिसके बाद उसका शव मिला। अनिल 2 बच्चों का पिता था।
ड्यूटी पर लेट आने की शिकायत करने पर हत्या:यमुनानगर में सिक्योरिटी गार्ड ने चाकू मारे, उसकी ही बाइक पर शव लादकर ले गए
