CM सैनी आज हिसार के राखी गढ़ी में:हड़प्पन नॉलेज सेंटर का करेंगे उद्घाटन; मॉक एक्सकवेशन और प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज विश्व की प्रतिष्ठित पुरातात्विक साइट राखीगढ़ी में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले मॉक एक्सकवेशन स्थल का निरीक्षण करेंगे और खुदाई से प्राप्त हड़प्पाकालीन वस्तुओं के स्टॉल का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री संग्रहालय में स्थापित विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। इसके उपरांत, वे म्यूजियम परिसर स्थित मीटिंग हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बाद में, राखी शाहपुर पहुंचकर हड़प्पन नॉलेज सेंटर का विधिवत उद्घाटन करेंगे। छात्रों के लिए अनोखा अनुभव राखीगढ़ी में 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक माना जा रहा है। देश में पहली बार ऐसा प्रयोग हो रहा है, जिसमें स्कूली छात्र स्वयं पुरातत्वविद् की भूमिका निभाते हुए उत्खनन की वैज्ञानिक प्रक्रिया को करीब से सीखेंगे। इसका उद्देश्य इतिहास को अनुभव-आधारित शिक्षा के माध्यम से जीवंत करना है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अप्पू सहारण ने बताया कि छात्रों को मिट्टी की परतें हटाने से लेकर अवशेषों को सुरक्षित निकालने, उनकी सफाई, पैकिंग और संरक्षण तक की पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया सिखाई जाएगी। इससे बच्चों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि जमीन के भीतर छिपे इतिहास को कितनी सावधानी और जिम्मेदारी से बाहर लाया जाता है। मॉक खुदाई बनेगी आकर्षण का केंद्र मॉक खुदाई के लिए पंचायत भूमि पर 5×5 मीटर आकार के तीन स्ट्रेच तैयार किए गए हैं। इनमें से दो स्ट्रेच में हड़प्पाकालीन वस्तुएं जैसे सील, मनके और चूड़ियों के मॉडल वैज्ञानिक ढंग से दबाए गए हैं, जिन्हें छात्र खुदाई के दौरान खोजेंगे। तीसरे स्ट्रेच में कच्ची ईंटों की दीवारें, प्राचीन कुएं का मॉडल और कंकाल की डमी संरचना बनाई गई है, ताकि छात्रों और पर्यटकों को वास्तविक उत्खनन जैसा अनुभव मिल सके। इस वर्ष राखीगढ़ी में नियमित खुदाई न होने के कारण यह मॉक एक्सकवेशन पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। छात्र स्वयं पर्यटकों को वास्तविक खुदाई की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे।