हरियाणा पुलिस के ऑपरेशन ‘हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के 22 दिन:पुलिस की 883 सेंसिटिव ठिकानों पर रेड; 169 क्रिमिनल काबू, 2 लुकआउट सर्कुलर जारी

Spread the love

हरियाणा पुलिस के हॉटस्पॉट डोमिनेशन के 22 दिन पूरे हो चुके हैं। 22वें दिन पुलिस ने 883 सेंसिटिव ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न जिलों से 169 क्रिमिनल गिरफ्तार किए गए। इस अभियान के तहत अपराधों से संबंधित कुल 62 नए आपराधिक मामले दर्ज किए, जिनमें 6 मामले आर्म्स एक्ट के अंतर्गत हैं। 169 आरोपियों में 39 फरार क्रिमिनल तथा 11 अवैध हथियार रखने वाले आरोपी शामिल हैं। यह अभियान अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर उनके संगठित नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में निर्णायक सिद्ध हुआ है। पुलिस ने इस अभियान में अपराधियों के आर्थिक स्रोतों को निशाना बनाया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 13 लाख 52 हजार 335 रुपए की नकदी जब्त की है। नशे के खिलाफ अभियान में ये मिली सफलता नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3.6 किलोग्राम गांजा, 894 ग्राम हेरोइन तथा 14.21 किलोग्राम अफीम की भूसी बरामद की। इसके साथ ही हिंसक अपराधियों की दो संपत्तियों को अटैच किया गया तथा एक अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटाकर अपराधियों के अवैध ढांचे को ध्वस्त किया गया।अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई में पुलिस ने 384 बीयर, 13,422 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 369 देसी शराब की बोतलें, 118 लीटर अवैध शराब और 100 लीटर लाहन जब्त किया। गुरुग्राम में 63 हॉट स्पॉट पर कार्रवाई जिलों में की गई सघन कार्रवाई के तहत गुरुग्राम पुलिस ने 63 हॉट स्पॉट्स पर कार्रवाई कर 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 3.21 लाख रुपए की नकदी बरामद की। झज्जर पुलिस ने 79 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कॉम्बिंग कर सात अपराधियों को काबू किया। फरीदाबाद में 49 स्थानों पर छापेमारी कर करीब ढाई किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जबकि सोनीपत में 54 हॉट स्पॉट्स पर कार्रवाई कर आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए गए। 2 लुक आउट सर्कुलर जारी हिसार पुलिस ने छह अन्य राज्यों के साथ महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस साझा करते हुए दो लुक आउट सर्कुलर जारी किए। नकदी बरामदगी के मामले में पलवल पुलिस ने सात लाख रुपए और पंचकूला पुलिस ने 2.4 लाख रुपए जब्त कर अपराधियों को मजबूत आर्थिक चोट पहुंचाई। सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने गन हाउसों के निरीक्षण के दौरान नियम उल्लंघन पर पांच शो-कॉज नोटिस जारी किए। इसके अतिरिक्त, चार लुक आउट सर्कुलर सक्रिय किए गए तथा 50 इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स साझा कर अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। कोर्ट फायरिंग कांड में नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तारी प्रदेशव्यापी अभियान के अंतर्गत अंबाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सीआईए-1 की टीम ने नौ महीने से फरार दो इनामी बदमाशों शुभम उर्फ काका और शिवा को उत्तर प्रदेश–नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी 1 मार्च 2025 को अम्बाला कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग की घटना में वांछित थे। इस मामले में अब तक कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। फरीदाबाद पुलिस ने ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1,17,500 रुपए और 39.43 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, फर्जी एप और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से 32.80 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को जयपुर से गिरफ्तार कर डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। करोड़ों की ठगी समय रहते रोकी गई साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त 260 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1.20 करोड़ रुपए में से 88.94 लाख रुपए को समय रहते होल्ड किया। इस दौरान 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, 1,761 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए और 317 आपत्तिजनक सोशल मीडिया प्रोफाइल्स को टेक-डाउन कर डिजिटल स्पेस को सुरक्षित बनाया गया।