नूंह में बारात से पहले दूल्हे ने किया सुसाइड:खेतों में लगाया फंदा, दोनों घरों में मातम में बदली शादी की खुशियां

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले के रोजकामेव थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव रिठौड़ा में एक युवक ने शादी वाले दिन फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या की वजह शादी में डीजे बजाने से रोकना बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद जहां लड़की पक्ष के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं मृतक के परिजनों में भी शोक की लहर है। शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी, बारात जाने से कुछ घंटे पहले ही युवक ने गांव से बाहर खेतों पर जाकर फांसी का फंदा लगा लिया। पुलिस ने मृतक युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। तैयारियां जोरों पर चल रही थी जानकारी के अनुसार गांव रिठौड़ा के 23 वर्षीय मुबसिर पुत्र अहमद की शादी नूंह से सटे एक गांव की युवती से तय थी, रविवार को बारात निकलनी थी। जिसके चलते घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण खुशी के माहौल में लगे हुए थे। वहीं, लड़की पक्ष की ओर से भी बारात के स्वागत को लेकर सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए थे। लड़की के हाथों में मेंहदी लग चुकी थी, रविवार को की सुबह करीब 10 बजे बारात निकली थी। रात 11 बजे डीजे बंद करा दिया था बताया जा रहा है कि शादी से एक दिन पहले मुबसिर ने बारात में डीजे बजाने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों अथवा सामाजिक कारणों से उसे इसकी अनुमति नहीं दी गई। हालांकि बाद में अनुमति मिल गई थी। रात करीब 11 बजे तक डीजे बजा। बाद में परिवार के लोगों ने डीजे बंद करा दिया। इसी बात को लेकर वह काफी नाराज और मानसिक रूप से परेशान हो गया। रविवार की तड़के सुबह करीब 4 बजे अचानक मुबसिर घर से खेतों की और निकल गया और वहां एक खंभे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली, तो घर में कोहराम मच गया। शहनाइयों की जगह मची चीख-पुकार युवक की मौत की खबर फैलते ही रिठौड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया। जिस घर में कुछ ही घंटों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां चीख-पुकार और आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं लड़की पक्ष में भी शादी की खुशियां पल भर में गहरे शोक में बदल गई। इस संबंध में रोजका मेव थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक की मौत के मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता मानसिक दबाव किस कदर भयावह परिणाम दे सकता है।