सिरसा में 10 करोड़ की नशे की गोलियां बरामद:CIA ने तस्कर को पकड़ा, रोहतक से पंजाब लेकर जा रहा था

Spread the love

सिरसा जिले में सीआईए डबवाली की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 करोड़ रुपए बाजार मूल्य की 2 लाख 95 हजार प्रतिबंधित नशे की नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई सावंतखेड़ा गांव के नजदीक टोल प्लाजा पर की गई। सीआईए डबवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में सुभाष चंद्र और ईएसआई सीआईए की टीम को सूचना मिली थी कि एक टैक्सी के जरिए बड़ी मात्रा में नशीला सामान ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने पंजाब रजिस्ट्रेशन की एक अर्टिगा कार को टोल प्लाजा के पास रोककर तलाशी ली। छह बड़े कार्टून में मिली नशीली गोलियां तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर से छह बड़े कार्टून मिले, जो नशे की गोलियों से भरे हुए थे। गोलियों की संख्या 2,95,000 बताई जा रही है, जिनका अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 10 करोड़ रुपए है। पंजाब में होनी थी सप्लाई जांच में पता चला है कि आरोपी रोहतक से यह नशीला सामान लेकर आया था और उसे पंजाब के मलोट क्षेत्र में सप्लाई करने वाला था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मुक्तसर जिले के खोखर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस बड़ी बरामदगी से पुलिस को नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पता चलने की उम्मीद है और आगे की गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।