भिवानी में शनिवार को जननायक जनता पार्टी (जजपा) के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। चौटाला ने कांग्रेस व भाजपा पर जमकर कटाक्ष किए। साथ ही चौटाला परिवार के एक होने के प्रयास पर हाथ जोड़ लिए और कहा कि अजय इस चैप्टर को बंद कर चुके हैं। पूर्व डिप्टी सीएम जेजेपी के स्थापना दिवस पर आयोजित रैली की सफलता के बाद भिवानी में कार्यकर्ताओं का आभार जताने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की और विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी। उनके निशाने पर कांग्रेस व भाजपा रही। दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा कांग्रेस द्वारा विधानसभा में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि कांग्रेस ने बिना किसी गंभीर मुद्दे के अविश्वास प्रस्ताव लाकर सरकार को एक साल का समय दे दिया। हरियाणा में सरकार विफल है, कानून व्यवस्था का दिवालिया पिट चुका है, पर कांग्रेस किसान, मजदूर व कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाने की बजाय सरकार से मिलकर काम कर रही है। मनरेगा का नाम बदलने पर बोले चौटाला मनरेगा का नाम जी राम जी करने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि योजनाओं के नाम पहले भी बदले गए और भविष्य में भी बदले जाएंगे। पर नाम बदलना बड़ी बात नहीं, बड़ी बात इसमें केंद्र के बजट का हिस्सा कम होना है। उन्होंने कहा कि अब ये योजना रोजगार की नहीं, गरीब आदमी को रोजगार से वंचित करने की गारंटी होगी। वहीं चौटाला परिवार के एक करने के रणजीत सिंह के प्रयास पर दुष्यंत ने हाथ जोड़कर कहा कि डॉ. अजय चौटाला इस चैप्टर को बंद कर चुके हैं। रीजनल पार्टी खत्म होने के बयान पर बोले दुष्यंत साथ ही रणजीत चौटाला द्वारा रीजनल पार्टी खत्म होने के बयान पर दुष्यंत चौटाला ने पलटवार कर कहा कि देवीलाल ने कहा था, रीजनल पार्टी इज ओरिजिनल पार्टी। ये तो दौर होता है, कभी कांग्रेस का, कभी भाजपा का तो कभी रीजनल पार्टियों का। जब 1989 में रीजनल पार्टी एक हुई तो कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया था। गौरव गौतम, रामकुमार गौतम व रामचंद्र जांगड़ा के जाट विरोधी बयानों पर दुष्यंत ने कहा कि मीडिया ऐसे नेताओं की बयानबाजी दिखाना बंद कर दे, तो जनता खुद इन्हें जवाब दे देगी।
भिवानी पहुंचे पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत:चौटाला परिवार एक होने के सवाल पर जोड़े हाथ, बोले-अजय इस चैप्टर को बंद कर चुके
