पानीपत में चार प्राइवेट स्कूलों के चेयरमैन से 25 लाख रुपए की फिरौती की डिमांड की गई है। खास बात है कि उनको धमकी ई-मेल से भेजी गई और साथ ही 25 लाख रुपए भेजने के लिए एब कैंक का अकाउंट नंबर भी दिया गया है। फिरौती न देने पर 100 गोलियां मारने की बात लिखी गई है। पानीपत डीएसपी सतीश वत्स ने मामले में केवल इतना कहा कि फिरौती की दो शिकायतें मिली थी, जिस पर FIR दर्ज कर ली गई है। जानकारी अनुसार, पानीपत के सेक्टर 13/17 एरिया में स्कूल चला रहे एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि वह विभिन्न 4 स्कूलों का चेयरमैन है। 24 अगस्त को सुबह 10:18 बजे स्कूल की ईमेल आईडी पर उनको एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ई-मेल खोल कर पढ़ा तो उसमें 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। फिरौती न देने पर स्कूल चेयरमैन व उनके परिवार को गोलियों से भूनने की धमकी दी गई। बोले- रेकी कर परिवार के बारे में सब जान लिया उसने बताया कि ईमेल में यह भी लिखा गया कि उन्होंने परिवार की रेकी कर ली है और परिवार के बारे में सब कुछ पता कर लिया है। ईमेल में फिरौती की रकम डालने के लिए एक बैंक खाता नंबर भी भेजा गया। स्कूल के वॉट्सऐप नंबर पर भेजी हथियारों की फोटो स्कूल चेयरमैन के अनुसार, उनको फिरौती के लिए दूसरी बार धमकी दी गई है। एक बार स्कूल के वॉट्सऐप पर धमकी भरा पत्र भेजा गया था। फिरौती मांगने वाले ने यहां पर साथ ही हथियारों की तस्वीरें भी भेजी थी। धमकी में लिखा गया कि “25 लाख रुपए तैयार रखो, नहीं तो 100 गोलियां मार देंगे।” कई महीने बाद दी शिकायत फिरौती की बार बार मिल रही धमकियों को देखते हुए स्कूल चेयरमैन की ओर से 16 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत में चेयरमैन ने लिखा कि वे आमतौर पर स्कूल में ही रहते हैं। धमकियों को गंभीरता से लेने पर मजबूर हूं, क्यों कि स्कूल में पढ़ने वाले अध्यापक, स्टाफ और बच्चों की जान को भी गंभीर खतरा है। उन्होंने पुलिस से अपनी, अपने परिवार और स्कूल की सुरक्षा की मांग की है। डीएसपी बोले- अनजान कॉल न उठाएं डीएसपी वत्स ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस ने फिरौती की डिमांड करने की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर ऐसी शिकायतें कुछ लोग शरारत में करते हैं। धमकी भी झूठी मिलती हैं। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि आजकल सभी के मोबाइल फोन में ट्रू कॉलर हैं, ऐसे में संदेहास्पद कॉल को उठाने से परहेज करें।
पानीपत के 4 स्कूलों के चेयरमैन से मांगी फिरौती:25 लाख रुपए भेजने को दिया अकाउंट नंबर; बोले- रेकी कर ली है, 100 गोलियां मारेंगे
