खंडवा में दो मंजिला बिल्डिंग गिरने का LIVE VIDEO:बगल में बन रहे कॉम्प्लेक्स की वजह से नींव कमजोर हुई; बिल्डर-4 अफसरों को नोटिस

Spread the love

खंडवा में दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। चंद सेकेंड में ही पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। इसमें शहर का नामी थोक मेडिकल स्टोर था। गुरुवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण स्टोर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया। घटना पड़ावा स्थित भैरव तालाब वार्ड की है। बिल्डिंग से सटकर ही एक कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। जिसकी खुदाई गहरी होने से मेडिकल स्टोर की नींव कमजोर हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया कि बिल्डिंग गिरने से पहले अचानक धूल का गुबार उठा तो वे अलर्ट हो गए। कॉम्प्लेक्स के निर्माण में लगे तीन मजदूरों को वहां से हटने को कहा। देखिए, 4 तस्वीरें… 3 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर कॉम्प्लेक्स बन रहा
इमारत के बगल में मार्केट का कंस्ट्रक्शन करा रहे खैराज लालवानी ने बताया कि यहां 3 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर कॉम्प्लेक्स बन रहा है। इंजीनियर्स ने नींव की खुदाई तब तक करने के लिए कहा था, जब तक की काली मिट्टी की सतह खत्म न हो। इसे नींव के लिए ही गहरा किया जा रहा था न कि बेसमेंट के लिए। लालवानी ने कहा- निर्माण संबंधी सभी परमिशन के लिए नगर निगम में आवेदन किए हुए ढाई महीने हो गए हैं। अधिकारी विजिट भी कर चुके हैं। परमिशन क्लियर होने में समय लग रहा था, इस कारण हमने अभी कंस्ट्रक्शन का काम शुरू नहीं किया था। दो मंजिला बिल्डिंग में चल रहा था मेडिकल स्टोर
प्रत्यक्षदर्शी शोएब ने कहा- तीन आदमी साइट पर काम कर रहे थे। धुएं का गुबार उठा तो मुझे लगा कि मकान गिरने वाला है। मैं चिल्लाया। वे तीनों बाहर आ गए। करीब 19 मिनट बाद ही मकान गिर गया। स्थानीय रहवासी दिलीप यादव ने कहा- दो मंजिला बिल्डिंग में चल रहा मेडिकल स्टोर सतपाल सिंह चावला का है। उनके बेटे मंजीत चावला भी यहां बैठते हैं। हमेशा 10-12 लोगों की भीड़ रहती है। सतपाल सिंह चावला के भतीजे अमृतपाल सिंह चावला ने बताया कि मकान की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ थी। हादसे में मेडिकल स्टोर को मिलाकर कुल 5 करोड़ का नुकसान हुआ है। सिटी मजिस्ट्रेट बोले- जांच के बाद करेंगे आगे की कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने कहा- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिल्डिंग से लगकर निर्माण कार्य चल रहा था। पास में ही भैरव तालाब है। आस-पास की जमीन में 6-7 फीट पर इसका पानी निकल आता है। नींव के लिए किए गए गड्ढे में भी इसी तालाब का पानी भर गया था। जिसने सतपाल सिंह के मकान की नींव को कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मलबे को साफ करने के निर्देश दिए हैं। बिल्डिंग संबंधी परमिशन आदि नगर निगम का विषय है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति काम कराने वाले बिल्डर को नोटिस
नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने बताया कि इस प्रकरण में संबंधित कार्यपालन यंत्री, उपयंत्री, टाइम कीपर और सहायक राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उनके स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति काम कराने वाले बिल्डर को भी नोटिस जारी किया गया है। ये खबर भी पढ़ें… 150 की रफ्तार में आई झपकी…लहराती कार खाई में गिरी, VIDEO रतलाम में एक कार बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें 15 साल का बच्चा और 60 साल के बुजुर्ग शामिल हैं। हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। एक्सीडेंट रतलाम जिले के रावटी थाना अंतर्गत भीमपुरा गांव के पास माही नदी ब्रिज के पहले हुआ। पढ़ें पूरी खबर…