फतेहाबाद जिले के गांव हमजापुर के पास दो गाड़ियों की टक्कर हो गई। टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी सवार रतिया जा रहे थे जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 2 बजे रतिया के वार्ड नंबर 11 के राकेश मेहता (37) फतेहाबाद से गांव भूथन के सतीश के साथ होंडा सिटी कार में सवार होकर रतिया लौट रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव हमजापुर के नजदीक पहुंची, सामने से आ रहे किसी वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि राकेश मेहता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सतीश को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को हादसे की सूचना दी। दूसरे वाहन की तलाश जारी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दूसरे वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
फतेहाबाद में दो गाड़ियों की टक्कर, एक की मौत:दूसरा साथी गंभीर घायल; रतिया की ओर जाते समय हादसा
