फरीदाबाद के गांव सारन स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले नौवीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक शिक्षक छात्र के पैरों के तलवों पर डंडे मार रहा है, जबकि छात्र दर्द से चीखता-छटपटाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि छात्र द्वारा एक दिन स्कूल से बंक मारने पर शिक्षक ने उसे इस तरह से शारीरिक दंड दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब छात्र स्कूल पहुंचा तो शिक्षक कक्षा में आया और अन्य छात्रों से उसे पकड़वाकर उसके पैरों के तलवों में डंडे मारने लगा। इस दौरान कक्षा में मौजूद एक छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पिटाई के बाद छात्र दहशत में है और घटना के बाद से स्कूल नहीं जा रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान वायरल वीडियो को देखते हुए सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने तुरंत संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में वीडियो गांव सारन के सरकारी स्कूल का ही पाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को दे दी है और स्कूल की प्रधानाचार्य से इस घटना को लेकर जवाब तलब किया गया है। फिलहाल थाना सारन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्र के पिता राम चंद्र का कहना है कि उन्हें शिक्षक का फोन आया था, जिसमें बताया गया था कि उनका बच्चा स्कूल से बंक मारता है। उस समय परिजनों ने शिक्षक से कहा था कि वे बच्चे को समझा सकते हैं, लेकिन जब उन्होंने पिटाई का वीडियो देखा तो उन्हें यह बेहद गलत लगा। छात्रों की कराई जा रही काउंसलिंग परिजनों ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। घटना के बाद सभी छात्रों की सीडब्ल्यूसी के समक्ष काउंसलिंग कराई जा रही है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। मामला तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार सुबह सारन थाना प्रभारी स्वयं स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए अभिभावकों, आरोपी शिक्षक नरेंद्र राठी, पीड़ित छात्र और अन्य विद्यार्थियों को थाने बुलाया है। स्कूल बंक करता था स्टूडेंट : प्रधानाचार्य इस मामले पर स्कूल की प्रधानाचार्य अलका ने बताया कि संबंधित छात्र पिछले कई दिनों से घर से स्कूल के लिए निकलता था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचता था और कई बार लंच से पहले ही स्कूल बंक कर देता था। सोमवार को भी लांच के समय अपना बैग स्कूल में छोड़ कर कही चला गया था। अभिभावकों की शिकायत पर शिक्षक ने छात्र की पिटाई की, जो पूरी तरह गलत है और इसके लिए स्कूल प्रशासन शर्मिंदा है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, स्कूल की प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में सरकारी स्कूल में छात्र की पिटाई, VIDEO:शिक्षक ने डंडों से पीटा; पुलिस ने जांच शुरू की, अधिकारी बोले- कार्रवाई होगी
