गुरुग्राम में बार गुर्जर गांव में बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे औद्योगिक कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई। यह स्थान कल की आग की घटना से मात्र 1 किलोमीटर आगे बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही मानेसर फायर स्टेशन को अलर्ट किया गया, जिसके बाद मानेसर और तावडू की फायर ब्रिगेड टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। मानेसर फायर स्टेशन अधिकारी (FSO) ललित कुमार ने बताया कि आग औद्योगिक वेस्ट में लगी है। क्षेत्र में प्लास्टिक और अन्य कचरे के बड़े ढेर होने के कारण आग तेजी से फैल रही है। आसपास के इलाकों में काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। फायर टीमों ने आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। मंगलवार को भी लगी थी आग यह घटना कल 16 दिसंबर को बार गुर्जर क्रशर जोन में लगी आग के पास की है। कल भी प्लास्टिक कचरे के विशाल ढेर में आग लगने से कई किलोमीटर दूर तक धुआं फैला था। मानेसर क्षेत्र में औद्योगिक कचरे की अवैध डंपिंग और बार-बार आग की घटनाएं एक गंभीर समस्या बन चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्ट मैनेजमेंट की कमी और लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जो पर्यावरण और स्थानीय निवासियों के सेहत के लिए खतरा हैं।
गुरुग्राम में औद्योगिक कचरे में फिर लगी भीषण आग:मानेसर और तावडू से फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंची; काले धुएं का गुबार छाया
