संजना जाटव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच और अहमदाबाद अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के आधार पर कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने का यह प्रयास है। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे जा रहे हैं और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर योग्य नामों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह आज से शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे पर हैं। इसी कड़ी में उन्होंने शिमला शहर, शिमला ग्रामीण और कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं, अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों से संयुक्त व व्यक्तिगत बैठकों में बातचीत की। इन बैठकों में जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर राय ली गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिला अध्यक्ष पद के लिए दस आवेदन प्राप्त हुए हैं।
संजना जाटव ने कहा कि शुक्रवार को वह ठियोग में रामपुर, चौपाल और ठियोग विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं से चर्चा करेंगी जबकि 29 नवंबर को हाटकोटी में जुब्बल-कोटखाई और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं से राय ली जाएगी। सभी बैठकों के बाद छह नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष भेजा जाएगा और अंतिम निर्णय आलाकमान ही लेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रक्रिया के माध्यम से संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।
