लौह पुरुष सरदार पटेल के संकल्प के साथ टोहाना में निकली अखंड भारत की एकता यात्रा

Spread the love

फतेहाबाद, 14 नवंबर । सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मेरा युवा भारत तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को टोहाना में एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली तथा बीजेपी जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की। नागरिकों, विद्यार्थियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ यह पदयात्रा टाउन पार्क से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और जन जागरूकता का संदेश देती आगे बढ़ी। यात्रा का समापन कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्र एकता के आदर्शों को अभिव्यक्त किया।

पूर्व मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली ने कहा कि आज का ‘यूनिटी मार्च’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के सपनों को साकार करते हुए एक सशक्त, सुरक्षित और एकजुट भारत के निर्माण में निरंतर कार्यरत हैं। यह संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर भारतीय का साझा सपना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। बीजेपी जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि आजादी से पूर्व हमारा देश अनेक रियासतों में बंटा हुआ था और उस कठिन समय में सरदार वल्लभभाई पटेल ने अदम्य साहस, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प के साथ सभी रियासतों को एक सूत्र में पिरो कर एक भारत का निर्माण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के इसी महान योगदान को पूरे देश के सामने पुन: स्थापित किया है। पहले जहां केवल एक विशेष परिवार के लोगों को ही इतिहास में प्रमुखता दी जाती थी, वहीं पीएम मोदी ने सच्चे राष्ट्र नायकों को सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय स्मृति में स्थान दिलाने का कार्य किया है। पीएम ने सरदार पटेल की महानता को विश्व पटल पर स्थापित करते हुए विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया, जो केवल एक प्रतिमा नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और अखंड भारत के संकल्प का महान प्रतीक है। उन्होंने हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शहीदी यात्रा में अधिक से अधिक नागरिकों से भागीदारी का आह्वान किया गया। यात्रा का समापन कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक स्वागत के माध्यम से मुख्य अतिथियों का सम्मान किया। बच्चों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शो राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनसेवा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर समाज में बढ़ रहे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाते हुए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। इस दौरान बीजेपी जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य, एसडीएम आकाश शर्मा, नप चैयरमेन नरेश बंसल, जिला उपाध्यक्ष संजय रेवड़ी, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा बलदेव सैनी, बीईओ सत्यपाल फौगाट, जिला महामंत्री विकास ललौदा, चेयरमैन जगजीत हुड्डा, युवा भारत जिला अधिकारी पूनम यादव, अनूप भारद्वाज, प्रिन्सिपल विनोद भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष रमन मडिय़ा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।