सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, छपरा में पुरातन छात्र बैठक का आयोजन आगामी दिल्ली बैठक पर विस्तृत चर्चा

Spread the love

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 7 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली पुरातन छात्र राष्ट्रीय सम्मेलन में विद्यालय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उसकी रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करना था. बैठक में विद्या भारती सिवान विभाग के विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम, पुरातन छात्र परिषद के संयोजक सह विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सुरभित दत्त, सहसंयोजक धनंजय कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के सह सचिव डॉ सुधांशु शेखर, विद्यालय के प्रधानाचार्य बिनोद कुमार एवं आचार्य बंधु भगिनी की गरिमामयी उपस्थिति रही. इनके साथ ही बड़ी संख्या में विभिन्न सत्रों (बैचों) के पुरातन भैया-बहन उपस्थित हुए, जिन्होंने विद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया एवं अपने विचार रखे. उपस्थित सदस्यों ने आगामी 7 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली पुरातन छात्र राष्ट्रीय सम्मेलन में सिवान विभाग से अधिकतम संख्या में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर गहन चर्चा की.

इस हेतु यात्रा, आवास और भागीदारी की रणनीति तैयार की गई. विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम ने पुरातन छात्रों के संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि पुरातन छात्र विद्यालय के ब्रांड एंबेसडर होते हैं, जो समाज में विद्यालय के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं.विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पुरातन छात्रों से विद्यालय के विकास, वर्तमान छात्रों के मार्गदर्शन और करियर काउंसलिंग में सहयोग देने की अपील की संयोजक ने बताया कि संगठन को और अधिक व्यापक बनाने के लिए नए पुरातन छात्रों को जोड़ने के लिए एक अभियान चलाया जाए. सभी पुरातन भैया-बहनों ने एक स्वर में आगामी दिल्ली सम्मेलन में सक्रिय रूप से शामिल होने का निर्णय लिया. दिल्ली जाने वाले प्रतिभागियों की एक सूची जल्द ही अंतिम रूप दी जाएगी और यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा. बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. यह बैठक पुरातन छात्रों को पुनः एक मंच पर लाकर विद्या भारती एवं लोक शिक्षा समिति ने विद्यालय और समाज के प्रति उनके दायित्वों को पुनर्स्थापित करने में सफल रही.