अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बताया कि सिंघौली गांव निवासी संतोष वर्मा का बेटा कुंज बिहारी वर्मा (18) सत्यनारायण इंटर कॉलेज में कक्षा दसवीं का छात्र था। वह रोज की तरह सोमवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था। तभी तिंदवारी कस्बे की सब्जी मंडी के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में कुंज बिहारी ट्रक के पहिये के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बांदा–टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम कर हंगाम शुरू कर दिया। सूचना पाकर थाना प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। वहीं, घटना के बाद ट्रक छोड़कर भागा चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
एएसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।
————-
