हड़ताल के दावों के बीच भी बाहरी राज्यों से जोधपुर बस सवारियां भरकर आई। इन सवारियों की ट्रेवल्स एजेंसी के ऑफिस से पहले ही उतार दिया गया। बस के यात्रियों ने बताया कि वो भोपाल से जोधपुर की यात्रा करके आए हैं। निजी बस संचालकों का कहना है कि पूरे जोधपुर में अन्य राज्यों में जाने वाली बसों का चक्का जाम किया गया है। इसको लेकर जोधपुर में बसों की ऑनलाइन से लेकर ऑफलाइन बुकिंग काउंटर बंद कर दिए गए हैं। जब तक एसोसिएशन आगे का निर्णय नहीं लेता है बसे बंद रहेगी। इधर जैसलमेर रूट पर चलने वाली स्लीपर बसों को भी बंद किया गया है।
स्लीपर बसों की हड़ताल के कारण लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली, सूरत, अहमदाबाद, नासिक व अन्य दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों की हड़ताल से परेशानी बढ़ गई है। हालांकि अभी भी लोक परिवहन और स्टेज कैरिज की बसें सवारियों को लेकर दौड़ रहीं है। जिसकी वजह से स्लीपर बसों की हड़ताल का स्थानीय सवारियों पर ज्यादा असर दिखाई नहीं दे रहा है। सिर्फ बाहरी राज्यों में लंबी दूरी की सवारियों को परेशानी का सामना ज्यादा करना पड़ रहा है।
