सिटी एसपी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एसएसपी को 31 अक्टूबर की शुक्रवार देर रात यह गोपनीय जानकारी मिली कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लेकर रांची रेलवे स्टेशन के रास्ते पहाड़ी मंदिर होते हुए सुखदेवनगर क्षेत्र की ओर मोटर साइकिल से आ रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस की टीम ने पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले बानों मंजिल रोड पर जाल बिछाया। देर रात करीब 12:30 बजे, टीम को एक यामाहा मोटर साइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस ने मोटरसाइकिल सवारों को रोका और नियमानुसार उनका नाम-पता पूछने के बाद विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों के पास से अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) बरामद हुआ। पकड़े गए तस्कर में शिवा राम,अमर कुमार यादव और सूरज कुमार शर्मा शामिल है।
हिरासत में लिए गए तस्करों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने खुलासा किया कि वे सासाराम के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार नाम के व्यक्तियों से ब्राउन शुगर खरीदते थे और फिर उसे रांची लाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में से एक, अमर कुमार यादव का आपराधिक इतिहास भी है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अमर कुमार यादव के खिलाफ पूर्व से दो मामले रांची के कोतवाली और सुखदेव नगर थाना में मामला दर्ज था।
