मप्र उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने आयोजन के बारे में बताया कि ये कार्यक्रम तीन सत्रों में होगा। प्रथम सत्र में व्याख्यान के तहत “उर्दू साहित्य में चराग़े रूहानियत” विषय पर सुप्रसिद्ध सूफ़ी शायर एवं साहित्यकार ज़िया अल्वी लखनऊ अपने विचार व्यक्त करेंगे। दूसरे सत्र में नग़मा-ए-रूह के तहत सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायक अनवर हुसैन, जबलपुर सांगीतिक प्रस्तुति देंगे।
अंतिम सत्र में रक्से जुनूँ के तहत अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना डॉ. वी अनुराधा सिंह, भोपाल अपने दल के साथ नृत्य की प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम का संचालन समीना अली सिद्दीकी द्वारा किया जाएगा। व्याख्यान में उपस्थित होने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अध्यापकों को प्रमाण-पत्र दिये जाएंगे। डॉ. नुसरत मेहदी ने भोपाल के साहित्य एवं कला प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
