पूर्व राष्ट्रपति कोविंद आज कैंचीधाम में करेंगे दर्शन, राज्यपाल भी रहेंगे साथ

Spread the love

राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दृष्टिगत उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह भी दो दिन के लिए नैनीताल भ्रमण पर आ रहे हैं। इसके लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किये हैं।

नैनीताल प्रशासन ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के कार्यक्रम की जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन नैनीताल पुलिस ने उनके आगमन के दृष्टिगत 27 व 28 अक्टूबर की यातायात प्रबंध की जानकारी दी है। जिसके अनुसार 27 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से कोविंद की फ्लीट के आगमन तक पूरे वीवीआईपी रूट पर सभी भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। पंतनगर से हल्द्वानी होते हुए नैनीताल व कैंचीधाम की ओर जाने वाले मार्गों पर जीरो जोन व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा भीमताल, भवाली और कैंचीधाम क्षेत्र में वाहनों को अस्थायी रूप से रोका जाएगा तथा स्थानीय वाहनों को केवल सीमित समय के लिए अनुमति दी जाएगी। भीमताल तिराहा, तीनपानी, कॉलटैक्स, इंदिरा नगर, खेड़ा चौकी व अन्य प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात रहेगी। योजना के अनुसार भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कैंचीधाम, भवाली, भीमताल, ज्योलीकोट, नैनीताल और हल्द्वानी मार्गों पर रूट डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों व स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

बताया जा रहा है पूर्व राष्ट्रपति का 28 अक्टूबर को अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट पहुंचेंगे और 29 अक्टूबर को दुग्धेश्वर धाम का भ्रमण करेंगे और इसी दिन नैनीताल लौटेंगे तथा 30 अक्टूबर को पंतनगर से दिल्ली लौटेंगे। पूर्व राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए राज्यपाल 27 अक्टूबर को अपराह्न डेढ़ बजे नैनीताल के कैंचीधाम हैलीपैड पहुंचेंगे और यहां से नैनीताल राजभवन आएंगे और 28 अक्टूबर को अपराह्न 2 बजे हैलीकॉप्टर से देहरादून के लिये प्रस्थान करेंगे।

वहीं, राज्यपाल के कार्यक्रम के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने बताया कि जिले में सुरक्षा, चिकित्सा, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई है। राज्यपाल व पूर्व राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मी भी तैनात रहेंगे। प्रशासन ने कहा कि नागरिकों से सहयोग अपेक्षित है।

कैंचीधाम क्षेत्र में वीवीआईपी आगमन के दौरान पूर्ण सुरक्षा घेरा रहेगा। भवाली तिराहा, मस्जिद तिराहा और भीमताल बाईपास से वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा। फ्लीट के मंदिर पहुँचने पर नैनीताल से भवाली दिशा में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसी तरह की व्यवस्था 28 व 29 अक्टूबर को भी जारी रहेगी। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को भीमताल के मार्ग भेजा जाएगा, जबकि ज्योलीकोट से भवाली की ओर जाने वाले वाहनों को भूमियाधार तथा भीमताल से भवाली की ओर आने वाले वाहनों को नैनीबैण्ड-1 पर रोका जाएगा।