कश्मीर की चिंता छोड़ झारखंड की चिंता करें वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर: आदित्य साहू

Spread the love

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने रविवार को प्रेस बयान जारी कर कहा कि झारखंड को प्रकृति ने हजार हाथों से संवारा है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन ऐसे हालातों में न कोई पूंजी निवेश के लिए आएगा, न उद्योग धंधे लगाएगा और ना ही परिवार संग घूमने आना चाहेगा। ऐसे में राज्य के वित्तमंत्री को कश्मीर की अर्थव्यवस्था और पर्यटन की चिंता हो रही है, लेकिन झारखंड के पर्यटन और अर्थव्यवस्था की चिंता नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि आज कश्मीर रोज विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसलिए अच्छा होता वित्त मंत्री राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य के पर्यटन को ठीक करने की चिंता करते। विकसित झारखंड, अपराध मुक्त झारखंड और भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड बनाने की चिंता करते।

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए जनता से वोट लेने वाली हेमंत सोरेन सरकार आज लोगों को निराश और हताश कर रही है। राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। हत्या, लूट, सामूहिक दुष्कर्म और अवैध खनन जैसी वारदातें आम हो गई हैं।अस्पतालों की स्थित भयावह है। राज्य की सड़कें बद से बदतर होते जा रही हैं।