बीकानेर में शुरू हुआ बीएसएफ गोल्फर्स टूर्नामेंट : देशभर से पहुंचे बीएसएफ के अधिकारी गोल्फ प्लेयर्स

Spread the love

बीएसएफ सेक्टर हैडक्वार्टर डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि बीएसएफ बीकानेर सेक्टर हैडक्वार्टर की मेजबानी में आयोजित इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में इस बार देशभर के विभिन्न मुख्यालयों एवं फ्रंटियर्स से कुल 84 अधिकारी, जो गोल्फ प्लेयर्स हैं, भाग ले रहे हैं।

इस टूर्नामेंट में बीएसएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से एम.एल. गर्ग, महानिरीक्षक (राजस्थान फ्रंटियर), डॉ. अतुल फुलझेले, आईपीएस, महानिरीक्षक, मनिंदर प्रताप सिंह पंवार, आईपीएस, महानिरीक्षक (आईजीआईसीटी), हरिलाल, महानिरीक्षक, आलोक कुमार, महानिरीक्षक, तथा डॉ. आशीष कुमार, एमएस, महानिरीक्षक (मेडिकल) सम्मिलित हैं। इसके अलावा 20 डीआईजी और अनेक अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतियोगिता का हिस्सा बने हुए हैं।

बीएसएफ कैंप, बीकानेर में स्थित गोल्फ ग्राउंड को इस टूर्नामेंट के लिए विशेष रूप से विकसित और सजाया गया है। ग्राउंड की तैयारी एवं रखरखाव में एम.एल. गर्ग, महानिरीक्षक राजस्थान फ्रंटियर, पुष्पेंद्र सिंह राठौर, सेवानिवृत्त महानिरीक्षक और अजय लूथरा, उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) क्षेत्रीय मुख्यालय बीकानेर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि इस टूर्नामेंट में लगभग 84 अधिकारी भाग ले रहे हैं जो गोल्फ प्लेयर्स हैं। इसी प्रतियोगिता के माध्यम से बीएसएफ की राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ टीम का गठन किया जाएगा। बीएसएफ खेल के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। हाल ही में बीएसएफ की फुटबॉल टीम का गठन किया गया है, साथ ही ‘योग डे’ और ‘रन फॉर फन’ जैसे आयोजन भी बल की खेल संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं।

वहीं आईजीआईसीटी मनिंदर प्रताप सिंह पंवार, आईपीएस ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर का ऐसा आयोजन बीकानेर में होना और राजस्थान में इतने सुंदर गोल्फ कोर्स का निर्माण तथा उसका संचालन स्वयं में अद्भुत है। बीएसएफ न केवल सीमा की सुरक्षा में अग्रणी है, बल्कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वास्थ्य और सौहार्द को भी बढ़ावा दे रहा है।”

बीएसएफ बीकानेर क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से बताया गया कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करता है, बल्कि बल के अधिकारियों और जवानों के बीच आपसी सामंजस्य, फिटनेस और टीम स्पिरिट को भी सशक्त बनाता है।