मोरी गेट से प्रदर्शन कर शीशगंज गुरुद्वारा के सामने विधायक कार्यालय की ओर जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने बलपूर्वक क्लाथ मार्किट, फतेहपुरी के समीप रोक दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग ने किया। गर्ग ने कहा कि स्थानीय आआपा विधायक एवं उनके पिता 1998 से चांदनी चौक का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अधिकांश समय सत्ता में रहे हैं पर आज 27 साल बाद भी चांदनी चौक के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि चांदनी चौक में लोग पीने के साफ पानी के लिए त्रस्त हैं, गरीब आदमी स्वरोजगार के मौके के लिए परेशान हैं क्योंकि आआपा विधायकों ने पटरियों पर मुस्लिम समाज को ठिये लगवा दिए हैं तो वहीं क्षेत्र की अर्थ व्यवस्था की नींव व्यापारी सीलिंग से परेशान हैं पर आआपा के चारों विधायक मदमस्त हैं।
भाजपा कार्यकर्ता राजेश भाटिया ने कहा कि पहले कांग्रेस फिर केजरीवाल ने मुस्लिम वोट से सत्ता पा कर पुरानी दिल्ली को विकास से वंचित कर दिया है और आज देश को सबसे अधिक रेवेन्यू देने वाले चांदनी चौक की स्थिति एक स्लम से भी बदतर है। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित शर्मा, जिला महामंत्री लता सोढ़ी, जिला पदाधिकारी सुनील शर्मा, अशोक शर्मा गुड्डन, अशोक तोमर, गोपाल गर्ग, दीपक महेन्द्र आदि प्रमुख मौजूद रहे।
———–
