अवैध हथियार के साथ कुख्‍यात अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिला स्थित कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक कुख्यात अपराधी को शनिवार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मो इरशाद नामक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ कपाली क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केन्दडीह, अलमनार स्कूल के सामने गली और डांगोडीह क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया, जहां से आरोपित को रंगे हाथ पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मो इरशाद (32), निवासी – डांगोडीह, साततल्ला बिल्डिंग के सामने, कपाली, थाना चांडिल के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से सिल्वर रंग की मेड इन यूएसए नंबर- 11 7.65 एमएम अंकित लोडेड पिस्टल और 7.65 केएफ अंकित तीन जिंदा राउंड बरामद की है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मो इरशाद का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है।

वह हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कपाली ओपी, आदित्यपुर और आजादनगर थाना में कई मामले दर्ज हैं।

इनमें चांडिल (कपाली ओपी) थाना, आदित्यपुर थाना और आजादनगर थाने में दर्ज मामले शामिल हैं।

छापामारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के साथ पुअनि रंजीत कुमार सिंह, सअनि बशीर खान, सअनि मनोज कुमार मिश्रा, आरक्षी 18 बिपुल कुमार तिवारी (टाइगर मोबाइल) और आरक्षी 27 दस्तगीर आलम (टाइगर मोबाइल) शामिल थे।