उपायुक्त ने फरियादियों से क्रमवार भेंट कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित ढंग से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने, कचरा उठाव की अनियमितता, मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का लाभ न मिलने, आंगनबाड़ी केंद्रों में खराब चापाकल की मरम्मति और अबुआ आवास योजना की स्वीकृत सूची से लाभुकों के नाम डिलीट किए जाने जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण योजनाओं और आवास संबंधित जन शिकायतों का समाधान जल्द होना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
उन्हाेंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान करना है। जिला प्रशासन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और आम लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए हर स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर दूर दराज से आए ग्रामीण सहित अन्य लोग मौजूद थे।
