जलसंसाधन विभाग के अनुसार भीलवाड़ा के बिजौलिया में 100, फुलिया कलां में 51, मांडलगढ़ में 52, बूंदी के नैनवा में 86, टोंक में 55 और सवाईमाधोपुर के चौथ के बरवाड़ा में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक परिसंचरण तंत्र उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से 18 से 22 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क बने रहने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों से मानसून की विदाई हो चुकी है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी 4 दिन मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
बीसलपुर में बढ़ी पानी की आवक, एक गेट और खोला
प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने से बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ गई है। इसके चलते शुक्रवार को एक गेट और खोला गया। वर्तमान में गेट नम्बर 9 और 10 को एक मीटर खोलकर 12020 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। त्रिवेणी नदी का जलस्तर 2.90 मीटर बना हुआ है।
जयपुर में दोपहर बाद बदला मौसम, 9 मिमी बारिश दर्ज
जयपुर में दोपहर बाद काले घने बादल छाए और गर्जना के साथ करीब आधा घंटे तक बारिश हुई। जयपुर में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से आमजन को उमस और गर्मी से राहत मिली। जयपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के दिन के तापमान में 1.6 और रात के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.9 और 26.1 डिग्री दर्ज किया गया।
