पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को उत्तरी सरजामदा पंचायत भवन में बैठक कर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर जुगसलाई विधानसभा के विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, जिप सदस्य डॉ. परितोष सिंह, प्रखंड प्रमुख, 21 पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य एजेंडा ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान था। इसमें छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना की कार्यप्रणाली और संचालन पर विशेष चर्चा हुई।
उपायुक्त ने बताया कि यह योजना 21 पंचायतों में नियमित जलापूर्ति कर रही है, जबकि एक पंचायत में आंशिक आपूर्ति दी जा रही है। जलापूर्ति को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए विभागीय प्रावधानों के तहत नई संचालन समिति का गठन किया गया है।
बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत, पेयजल सुविधा, शौचालय की कमी, स्ट्रीट लाइट की खराबी और विद्यालय में चारदीवारी जैसे मुद्दे उठाए।
उपायुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ जमशेदपुर सदर को सूचीबद्ध कर सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए, जबकि शेष समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने जोर दिया कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों की हर बुनियादी समस्या को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सहयोग और सुझाव देने की अपील की, ताकि विकास कार्य और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाए जा सकें।
बैठक में सीओ जमशेदपुर सदर मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश, कार्यपालक दंडाधिकारी सह डीपीओ सुदीप्त राज, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
