पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के हमीदपुर कला में जेवर और खुर्जा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद चौधरी (50) का खून से लथपथ शव सोमवार सुबह उनके कार्यालय के कमरे में बेड पर पड़ा मिला है। उनकी गला रेतकर हत्या की गई है। वारदात के बाद आरोपित डीवीआर भी ले गए हैं। बड़े भाई सुधीर ने बताया कि विनोद की पत्नी बच्चों को लेकर दिल्ली में रहती हैं, जबकि ब्लॉक प्रमुख अधिकांश समय अपने कार्यालय में बिताते थे।
भाई ने बताया कि विनोद 2000 से 2005 तक जेवर से ब्लॉक प्रमुख रहे, फिर जिला पंचायत सदस्य और उसके बाद फिर खुर्जा से ब्लॉक प्रमुख रहे थे। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े थे। आरोप है कि पहले भी विनोद को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। प्रॉपर्टी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है।
एसपी देहात ने बताया कि फारेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य को जुटा लिया है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
