फतेहाबाद : सरपंचों का आरोप, 21 लाख तक के काम की घोषणा पर नहीं हो रहा अमल

Spread the love

फतेहाबाद, 11 सितंबर । प्रदेश में एक बार फिर सरपंच और सरकार विकास कार्यों को लेकर आमने-सामने नजर आने लगे हैं। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार ने 21 लाख रुपये तक के काम पंचायतों के जरिए करवाने की घोषणा की थी लेकिन इस पर अमल नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर एसोसिएशन के आह्वान पर अनेक गांवों के सरपंचों ने गुरूवार को फतेहाबाद के लघु सचिवालय पहुंचकर रोष जताया। विरोध प्रदर्शन की अगुवाई हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष रणबीर गिल समैण ने की। सरपंच एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा। इससे पूर्व लघु सचिवालय पार्क में सरपंचों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष रणधीर गिल ने कहा कि सरकार की घोषणा के अनुसार, 21 लाख रुपए तक के काम के पैसे पंचायतों के खाते में आने चाहिए। मगर अभी भी टेंडर प्रक्रिया से काम हो रहे हैं। पंचायतों के खातों में पैसे नहीं आ रहे हैं जबकि सरकार ने अनाउंस किया था कि 21 लाख रुपए तक के काम पंचायत अपने स्तर पर करवा सकती है। इस कारण काम रुके पड़े हैं। विकास कार्यों में देरी हो रही है। काम भी सही नहीं होता है। प्रदेशाध्यक्ष रणबीर गिल ने बताया कि पहले पंचायतों की ओर से करवाए गए विकास कार्यों की पेमेंट भी अटकी पड़ी है। जलभराव के एरिया में पंचायतें अपने स्तर पर मिट्‌टी भरवाने जैसे कार्य करवा रही है, उसका पैसा भी रुका पड़ा था। रणबीर गिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तो ऐलान किया हुआ है। पंचायतों को अधिकार दे रखे हैं, मगर निचले स्तर के अधिकारी गड़बड़ कर रहे हैं। पंचायतों की दो-तीन किश्तें पेंडिंग हैं। गांवों में जलभराव हो रहा है। अगर कोई खर्चा करना पड़ जाए तो किसी भी पंचायत के पास पैसा नहीं है। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो राज्यसभा सांसद सुभाष बराला से मिलकर मांगों से अवगत करवाया जाएगा। जरूरत पड़ी तो प्रतिनिधिमंडल सीएम नायब सैनी से भी मिलने जाएगा। इस मौके पर जिलेभर के कई गांवों के सरपंच मौजूद रहे।