फारबिसगंज में वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन को लेकर की जाने वाली तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार कटिहार डिवीजन के मंडल रेल परिचालन प्रबंधक शशांक शेखर एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक संगीता मीणा अपने पूरे लाव लश्कर के साथ फारबिसगंज स्टेशन पहुंचे। इसमें डिविजनल सेफ्टी कमिश्नर, पुलिस निरीक्षक, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, सहायक आरपीएफ निरीक्षक फारबिसगंज एवं स्टेशन प्रबंधक मनोज झा के अलावा कटिहार रेलवे डिविजन की रेल परामर्शदात्री समिति सदस्य बछराज राखेचा, समस्तीपुर डिविजन रेल परामर्श दात्री समिति के सदस्य विनोद सरावगी, रेल यात्री संघ के सदस्य चंदन भगत, चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन आदि मौजूद थे ।
उद्घाटन समारोह का कार्यक्रम फारबिसगंज के प्लेटफार्म संख्या एक के दक्षिणी सिरे पर होगा। जबकि जोगबनी से ईरोड के लिए चलने वाली ट्रेन का उद्घाटन समारोह जोगबनी में किया जाएगा। इस अवसर पर मंडल परिचालन प्रबंधक में जानकारी देते हुए बताया की वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल आठ डब्बे होंगे जबकि अपने नियमित परिचालन में यह ट्रेन जोगबनी से प्रातः 3:30 बजे खुलकर फारबिसगंज से 3:45 पर खुलने को संभावित है तथा वहां से अररिया , पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर के रास्ते दानापुर तक जाएगी।जबकि जोगबनी से तमिलनाडु के ईरोड जाने वाली ट्रेन जोगबनी से अपने नियमित परिचालन में जोगबनी से रविवार को अहले सुबह 3:15 पर खुलेगी।
सांसद प्रदीप सिंह के रेल प्रतिनिधि विनोद सरावगी ने वंदे भारत ट्रेन का फारबिसगंज में भी ठहराव कराए जाने हेतु उनके प्रति आभार जताया है। क्योंकि आमतौर पर इतनी कम दूरी पर वंदे भारत ट्रेन का ठहराव नहीं होता है।वहीं डीआरयुसीसी सदस्य बछराज राखेचा का कहना है कि निकट भविष्य में जोगबनी ईरोड ट्रेन भी प्रतिदिन चलेगी,जो सप्ताह में 3 दिन वाया खगड़िया एवं चार दिन वाया मालदा चलेगी।इसका विस्तृत टाइम टेबल शीघ्र ही जारी हो जाएगा।
डीओएम ने भी सदस्यों को अनौपचारिक रूप से यह जानकारी दी की आने वाले भविष्य में अररिया ठाकुरगंज रेल मार्ग से कई ट्रेन चलेगी जो फारबिसगंज होते हुए उत्तर भारत की ओर जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आईसीएफ कोच का निर्माण बंद हो गया है।शीघ्र ही जोगबनी कटिहार रेलखंड पर चलने वाली सभी डेमु ट्रेनों को मेमू रैक से बदला जाएगा। वंदे भारत एवं इरोड एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर अब संशय के बादल छंट गए हैं।
चेंबर के सचिव राकेश रौशन तथा रेल यात्री संघ के सदस्य चंदन भगत ने वंदे भारत की इनॉग्रल स्पेशल ट्रेन को फारबिसगंज से चलाए जाने के निर्णय पर रेल अधिकारियों के प्रति आभार जताया तथा कहा कि यह फारबिसगंज के लिए ऐतिहासिक दिन होगा।
