झाबुआ एवं रतलाम के प्रधान डाकघरों में अब रात 8 बजे तक हो सकेगी स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग

Spread the love

डाक अधीक्षक राजेश कुमावत ने मंगलवार को बताया कि डाक सेवा जन सेवा को ध्यान में रखते हुए रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत आने वाले झाबुआ एवं रतलाम के प्रधान डाकघरों के कार्य समय में बदलाव किया गया है। अभी तक इन डाकघरों में स्पीड पोस्ट, पार्सल आदि सायंकाल चार बजे तक ही बुक करने की सुविधा थी, किंतु अब उसे बढ़ाकर रात्रि आठ बजे तक कर दिया गया है। किए गए बदलाव के अनुसार झाबुआ और रतलाम प्रधान डाकघर अब प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक जनसेवा हेतु खुले रहेंगे।

कुमावत ने बताया कि बुकिंग काउंटर का समय विस्तारित किए जाने का निर्णय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बुकिंग काउंटर का समय विस्तारित किए जाने से उन सब व्यापारियों, नौकरीपेशा सहित आम नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा जो अभी तक अपनी डाक या पार्सल को बुक करने हेतु अपने व्यापार स्थल अथवा कार्य स्थल पर व्यस्त रहने के कारण डाकघर नहीं पहुंच पा रहे थे। उन्हें अब रात्रि आठ बजे तक डाक पार्सल बुकिंग सुविधा मिलने लगेंगी।