करनाल में 8वीं क्लास की छात्रा से छेड़छाड़:सरकारी स्कूल के टीचर पर केस, घर बताने पर मारने की धमकी

Spread the love

करनाल जिले के निगदू थाना के एक गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल के हिस्ट्री मास्टर पर लगा है। छात्रा ने रोते हुए अपनी मां को घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दो दिन स्कूल में की गई गलत हरकत मां ने थाना निगदू में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी गांव के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है और उसकी उम्र करीब 13 साल है। शिकायत में बताया कि स्कूल में हिस्ट्री पढ़ाने वाला मास्टर रणधीर निवासी गांव कारसाडोड ने 28 फरवरी 2026 को करीब दोपहर 12 बजे छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के शरीर को गलत तरीके से हाथ लगाए और उसे परेशान किया। इसके बाद 2 मार्च 2026 को भी आरोपी ने छात्रा के साथ इसी तरह की हरकत करने की कोशिश की। घर बताने पर मारने की धमकी शिकायत में कहा गया है कि आरोपी शिक्षक ने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने यह बात अपने घर या किसी और को बताई, तो वह उसे जान से मार देगा। इसी डर की वजह से छात्रा कुछ दिन तक चुप रही और किसी को कुछ नहीं बताया। रोते हुए मां को बताई पूरी घटना मां के अनुसार 6 मार्च को सुबह करीब 10 बजे उनकी बेटी ने रोते हुए पूरी घटना बताई। उसने कहा कि हिस्ट्री मास्टर रणधीर उसे लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ गलत हरकत कर रहा था। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत देने का फैसला किया। हेडमास्टर पर भी केस दबाने का आरोप पीड़ित छात्रा ने अपनी मां को यह भी बताया कि वह स्कूल के हेडमास्टर के पास शिकायत लेकर गई थी। आरोप है कि हेडमास्टर ने उसे किसी के पास न जाने की सलाह दी और कहा कि मामला यहीं पर निपटा लेंगे, नहीं तो बदनामी हो जाएगी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। निगदू थाना के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।