यमुनानगर में 10वीं के पेपर में 7 छात्राओं से छेड़छाड़:टीचर पर बैड टच और गंदे इशारे करने का आरोप, परिजनों का हंगामा

Spread the love

यमुनानगर शहर में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान एक निरीक्षक पर सात छात्राओं से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्राओं का कहना है कि निरीक्षक ने परीक्षा के दौरान उन्हें गलत तरीके से छुआ और बाद में कुर्सी पर बैठकर गंदे इशारे भी किए। मामले का पता चलते ही अभिभावकों ने परीक्षा केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अभिभावकों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बैड टच कर हाथों से किए गंदे इशारे कैंप क्षेत्र के एक अभिभावक ने बताया कि उसकी बेटी 10वीं कक्षा में एक निजी स्कूल में पढ़ती है और उसकी बोर्ड परीक्षाएं मॉडल कॉलोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही हैं। जिसका समय दोपहर साढे 12 से साढ़े 3 बजे का है। आज सोमवार को उसका एसएसटी का पेपर था, जिसके लिए वह अपनी छह सहेलियों के साथ परीक्षा देने आई थी। बताया गया है कि जिस कमरे में छात्राएं परीक्षा दे रही थी, वहां दडवा गांव के राजकीय स्कूल के टीचर सुखदेव की बतौर निरीक्षक ड्यूटी लगी हुई थी। आरोप है कि परीक्षा के दौरान निरीक्षक ने छात्राओं को गलत तरीके से छुआ और आंखों व हाथों से गंदे इशारे किए। परिजनों का सेंटर के बाहर हंगामा छात्राओं ने परीक्षा के दौरान पानी पीने के बहाने बाहर निकलकर अन्य स्टाफ को पूरी घटना की जानकारी दी। स्कूल स्टाफ ने तुरंत पुलिस और छात्राओं के संबंधित स्कूल को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों को भी इस बारे में बताया गया। सूचना मिलते ही रामपुरा चौकी और महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्कूल प्रशासन ने आरोपी टीचर को पुलिस के हवाले कर दिया। परीक्षा खत्म होने के बाद जब अभिभावक केंद्र के बाहर पहुंचे, तो छात्राओं ने रोते हुए उन्हें पूरी घटना बताई। इससे गुस्साए परिजनों ने स्कूल के बाहर जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी इलाके के पार्षद संदीप ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि गांधी नगर क्षेत्र की कुछ छात्राओं के साथ परीक्षा के दौरान छेड़छाड़ हुई है। बताया जा रहा है आरोपी की उम्र करीब 50 वर्ष है। उन्होंने कहा कि वे परिजनों के साथ हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं। छात्राओं के बयान किए जा रहे दर्ज- प्रभारी महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मॉडल कॉलोनी स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ हुई है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया है। छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। कानून अपना काम कर रहा है और आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।