रोहतक में विक्रम हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिए; होली खेलकर लौट रहे थे

Spread the love

रोहतक जिला पुलिस ने बनियानी गांव के विक्रम की हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। थाना कलानौर के प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि 5 मार्च 2026 को साहिल निवासी बनियानी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 4 मार्च 2026 को साहिल अपने दोस्त सतीश के साथ मोटरसाइकिल पर पटवापुर से होली खेलकर लौट रहे थे। बाइक हटाने को लेकर विवाद वहीं रास्ते में एक कंपनी के पास निशांत ने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की हुई थी। साहिल ने उसे मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा, जिसके बाद निशांत, उसके परिवार के सदस्यों और अन्य युवकों ने साहिल के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से पीटा, मारने की धमकी साहिल को बचाने आए गांव के उसके साथी विक्रम और बंटी के साथ भी युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घायल अवस्था में सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 6 मार्च 2026 को विक्रम पुत्र नरेश निवासी गांव बनियानी की मौत हो गई। 7 मार्च 2026 को विक्रम के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। जांच के दौरान मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। पुलिस ने 7 मार्च 2026 को आरोपी ओमप्रकाश, वंश, सागर, साहिल, रितिक और निशांत, सभी निवासीगण गांव बनियानी को गिरफ्तार किया।