55 साल का फर्जी CBI इंस्पेक्टर गिरफ्तार:सोनीपत में रौब झाड़ रहा था, 3 दिन पहले वर्दी खरीदी; भ्रष्टाचार केस में पुलिस से बर्खास्त हुआ

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस ने एक फर्जी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) के इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। 55 साल के आरोपी ने 3 दिन पहले ही वर्दी खरीदी थी। वह लोगों के सामने रौब झाड़ रहा था। लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीआईए सेक्टर-3 पुलिस और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सदर थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले पुलिस विभाग में ही था। भ्रष्टाचार के केस में जेल भी जा चुका है। इसके बाद पुलिस से उसे बर्खास्त कर दिया गया था।
ड्रेस पहनकर रौब झाड़ा
भटगांव गांव के कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर गांव में दबदबा बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौके पर झज्जर का रहने वाला रणधीर सिंह मिला। उसने पुलिस की ड्रेस पहनी हुई थी। जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने खुद को CBI इंस्पेक्टर बताया। रिश्तेदार के पास आया था
जब उसकी जांच की गई तो वह फर्जी निकला। रणधीर ने पुलिस को बताया कि वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था। साथ ही बसों में किराया भी नहीं देना पड़ता। भटगांव में उसकी रिश्तेदारी है और वह झज्जर के गांव सेज पहाड़ी पुर से यहां अपने रिश्तेदार के पास आया था। 2002 में पुलिस से सस्पेंड हुआ
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसने 3 दिन पहले वर्दी खरीदी थी। पहले वह पुलिस विभाग में था। 2002 में कैथल में एक भ्रष्टाचार के केस में सस्पेंड हुआ था। इसी केस में उसने जेल भी काटी। इसके बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया था। सदर थाना पुलिस में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी बोले- पूछताछ कर रहे
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि आरोपी इंस्पेक्टर की पूरी ड्रेस पहने गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रणधीर से पूछताछ कर रही है कि उसने वर्दी कहां से प्राप्त की और इससे पहले भी कहीं इस तरह की गतिविधि को अंजाम तो नहीं दिया। ————————— ये खबर भी पढ़ें :- गुरुग्राम में ई-रिक्शा ड्राइवर बना फर्जी सब इंस्पेक्टर:₹2200 में वर्दी, ₹500 में आई कार्ड बनवाया; होटल में रौब झाड़ने पर फंसा हरियाणा के गुरुग्राम में पिछले दिनों पुलिस ने एक फर्जी सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि वह राजस्थान स्थित खाटूश्यामजी में किराए पर ई-रिक्शा चलाता है। फ्री में होटलों में ठहरने, टोल टैक्स से बचने और रौब झाड़ने के लिए उसने 2200 में पुलिस की वर्दी खरीदी। पढ़ें पूरी खबर….