फतेहाबाद के अलावा रतिया में भी दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। दशहरा ग्राऊंड में रावण के 65 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। इससे पूर्व शक्ति नाटक द्वारा दशहरा पर्व को लेकर शहर भर में भगवान श्री राम और रावण की सेना की झांकिया भी निकाली गई। रामलीला ग्राउंड से पंजाबी सभा के अध्यक्ष सतीश हांडा, ग्रामीण पंजाबी सभा प्रभारी व ब्लॉक समिति रतिया के चेयरमैन केवल मेहता, अग्रवाल सभा प्रधान प्रमोद बांसल ने झंडी दिखाकर रवाना किया यह झांकी शहर भर में घूम कर शाम को दशहरा ग्राउंड में पहुंची जहां रावण के 65 फुट के पुतले का दहन किया गया। दशहरा पर्व पर मुख्य अतिथि के तहत शहर के प्रमुख समाजसेवी अशोक मदान,अपार इंसा के साथ शहर की अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भूना शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, आधुनिक तकनीक और ग्रीन पटाखों के संयोजन ने इस बार के आयोजन को और भी खास बना दिया। पहला आयोजन राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में रामा कृष्णा कला मंच द्वारा किया गया। रामलीला ग्राउंड से फूलों से सजे हुए रथों में श्री राम के साथ अयोध्या रुपी टीम उत्सव मनाते हुए शहर में सडक़ों से खेल मैदान में पहुंचे, जबकि श्रीलंका के रावण की टीम उत्पात मचाते हुए पुतले के पास पहुंची। करीब 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का रिमोट कंट्रोल के माध्यम से दहन किया गया। जैसे ही रिमोट का बटन दबाया गया, रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा और आधुनिक पटाखों की रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक दुडाराम मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर पालिका वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी ने शिरकत की। दूसरा आयोजन लॉर्ड कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में जय श्रीराम कला मंच ट्रस्ट भूना द्वारा किया गया।
