सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के इशारे पर हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों की फिरौती मांगने वाले पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने गोली चलने से पहले ही इन्हें काबू कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी। विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और दीपक बॉक्सर के निर्देश पर काम कर रहा था। हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, जींद और दिल्ली के नरेला क्षेत्र में व्यापारियों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपए की फिरौती मांगी जा रही थी। वारदात से पहले ही दबोचे गए शार्प शूटर एंटी गैंगस्टर यूनिट को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए पांचों शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल चोरी कर ऐसे करते थे मदद गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी रात के समय सोते हुए लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद होने से पहले ही उस नंबर का इस्तेमाल कर वॉट्सएप पर विदेश में बैठे गैंगस्टरों के अकाउंट लॉगिन करवा देते थे। ओटीपी उसी मोबाइल पर आने के कारण गैंगस्टर आसानी से वॉट्सएप एक्सेस हासिल कर लेते थे और फिर उसी के जरिए व्यापारियों से संपर्क किया जाता था। वॉट्सएप कॉल के जरिए मांगते थे फिरौती लॉगिन होने के बाद गैंगस्टर वॉट्सएप कॉल के माध्यम से उद्योगपतियों और व्यापारियों को धमकाते थे। विदेश से कॉल कर 5 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपए तक की रंगदारी मांगी जाती थी। पानीपत में 24 करोड़ की रंगदारी के मामले में भी इन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पहल न्यूट्रिशन पर फायरिंग की थी तैयारी एसीपी अजीत सिंह के अनुसार सोनीपत स्थित पहल न्यूट्रिशन पर रणदीप मलिक गैंग के नाम से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक आरोपी मौके की रेकी कर रहा था और अन्य साथी भी वारदात में शामिल होने वाले थे। बड़े स्तर पर हथियार मंगवाने की तैयारी भी चल रही थी। पहले ही चरण में पकड़े गए आरोपी पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपियों को वारदात से पहले ही पकड़ लिया गया। इससे एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और विभिन्न जिलों में इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एक आरोपी पर पहले से दो केस पुलिस ने पांच आरोपियों में से एक की पहचान आकाश के रूप में की है, जिस पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपी दिल्ली के नरेला क्षेत्र के मामूरपुर के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे गैंग और इसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
सोनीपत में व्यापारियों से फिरौती मांगने वाले 5 शार्प-शूटर गिरफ्तार:मोबाइल चोरी कर वॉट्सएप कॉल कर मांगते थे; विदेशी गैंग से संबंध
