जबलपुर विवाद में अब तक 5 FIR, 61 उपद्रवी गिरफ्तार:48 घंटे बाद सिहोरा में हालत सामान्य, 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, धरपकड़ जारी

Spread the love

जबलपुर के सिहोरा में दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नियंत्रण में है। दुकानें खुल चुकी हैं। आम जनजीवन सामान्य हो चुका है। गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। 200 से अधिक पुलिस बल तैनात प्रशासन के अनुसार, पूरे मामले में अब तक 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और कुल 61 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। घटना वाली रात 49 गिरफ्तारियां हुई थीं। उसकी अगली रात 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। विवाद के बाद एहतियातन 200 से अधिक पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी सिहोरा में तैनात हैं। वार्ड नंबर 5 सहित संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। वहीं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर हालात की समीक्षा की। बाजार में चहल-पहल, हालात सामान्य अधिकारियों के मुताबिक स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। शनिवार को बाजार और बस स्टैंड पर चहल-पहल लौटी। बोर्ड परीक्षार्थी पुलिस सुरक्षा में अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी कर रहें एसपी संपत उपाध्याय ने कहा, अब सिहोरा में पूरी तरह शांति है। बाजार वगैरह खुल चुके है। सभी लोग सामान्य दिनों की तरह अपना काम कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों में 2 एडिशनल एसपी और 3 डीएसपी शामिल हैं। गुरुवार की रात जो घटनाएं हुई थीं। उनमें लगातार प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जा रहा है। लगातार कार्रवाई की जा रही है। सिहोरा के कुछ वरिष्ठ और सम्मानित नागरिकों के साथ हम लगातार मीटिंग कर रहे हैं। उम्मीद है कि वहां का जनजीवन पहले की तरह सामान्य हो जाएगा। इतना पुलिस बल लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह है पूरा मामला जबलपुर से करीब 40 किमी दूर सिहोरा तहसील में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर और मस्जिद के बीच आरती-अजान को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव और मारपीट के बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया, करीब 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। कैसे शुरू हुआ विवाद पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला झड़प तक पहुंच गया। आरोप है कि मस्जिद से 50-70 युवकों की भीड़ बाहर आई और विवाद बढ़ गया। घटनाक्रम से जुड़ी यह खबरें भी पढ़ें… 1.‘भीड़ ने घर जलाए, तोड़फोड़ की…अलमारी से रुपए ले गए’ 9 फरवरी… दिन गुरुवार… समय रात 9 बजे। स्थान- जबलपुर से 40 किमी दूर सिहोरा। यहां के आजाद चौक के दुर्गा मंदिर में आरती और ठीक सामने मस्जिद में तरावीह (रमजान की विशेष नमाज) चल रही थी। इसी दौरान लाउडस्पीकर को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस से शुरू हुआ मामला पत्थरबाजी में बदल गया। पढ़ें पूरी खबर… 2. जबलपुर के पास आरती-अजान के विवाद में बवाल मध्यप्रदेश के जबलपुर से करीब 40 किमी दूर सिहोरा तहसील में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर और मस्जिद के बीच आरती-अजान को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव और मारपीट के बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। पढ़ें पूरी खबर…