इंदौर में कार में जिंदा जला 4 साल का बच्चा:खड़ी गाड़ी में अचानक लगी आग, बेबस पिता देखते रह गए; शीशा तोड़कर निकाला शव

Spread the love

इंदौर के महू में सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे स्विफ्ट कार में आग लग गई। इससे कार में बैठा बच्चा जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। 4 साल का चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। संजय पेशे से मैकेनिक हैं। इंदौर-खंडवा रोड सेल सिटी के सामने वह डीजे वाली गाड़ी का काम कर रहे थे। इसी दौरान जिस गाड़ी में चिराग बैठा था, उसमें अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोग जब तक समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश में जुटते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना फौरन फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री का कहना है पुलिस और दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही चिराग की मौत हो चुकी थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हादसे के बाद की 3 तस्वीरें देखिए… घटना के बाद बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महू सिविल अस्पताल लाया गया है। इधर, हादसे के बाद से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल वह बात करने की हालत में नहीं हैं। आग बुझाने लोग पानी और मिट्टी फेंक रहे थे मौके पर मौजूद संजू वर्मा ने बताया कि पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। आग की लपटें उठ रही थीं। कोई पास नहीं जा पा रहा था। लोग आग बुझाने के लिए पानी और मिट्टी फेंक रहे थे। बड़ी मुश्किल से आग बुझी तो देखा बच्चा कार के अंदर जल चुका था। सिमरोल पुलिस ने कार के कांच तोड़ कर बच्चे को बाहर निकाला। ये खबर भी पढ़ें… चलती कार में आग, डॉक्टर की पत्नी जिंदा जली…VIDEO मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार सुबह करीब 4 बजे गढ़ाकोटा रोड पर चलती कार में आग लग गई। हादसे में डॉक्टर की पत्नी जिंदा जल गई, जबकि डॉक्टर और 2 अन्य साथियों ने अपनी जान बचा ली। मामला सानौधा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…